
Frequent Fatigue Signs: सुबह उठते ही थकान महसूस होना, काम करते-करते अचानक चक्कर आ जाना या आए दिन सिरदर्द से परेशान रहना… ये परेशानी हम सभी न कभी न कभी जरूर महसूस की होंगी. हम में से कई लोग इन लक्षणों को सामान्य कमजोरी या व्यस्त दिनचर्या का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन, कई बार शरीर में होने वाले छोटे-छोटे बदलाव किसी अंदरूनी समस्या की ओर इशारा भी कर सकते हैं. जरूरी नहीं कि, हर बार थकान या सिरदर्द किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो, लेकिन अगर ये लक्षण बार-बार हों, लंबे समय तक बने रहें या उनकी तीव्रता बढ़ती जाए, तो इन्हें नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.
1. लगातार थकान रहना
भरपूर नींद लेने के बावजूद अगर हर समय कमजोरी या थकान महसूस होती है, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं. आयरन की कमी से होने वाला एनीमिया, नींद की समस्या, तनाव, थायरॉयड संबंधी परेशानी या किसी संक्रमण के दौरान भी थकान बनी रह सकती है. अगर रोजमर्रा के काम प्रभावित होने लगें, तो इसकी वजह जानना जरूरी है.
2. बार-बार चक्कर आना
अचानक खड़े होने पर हल्का चक्कर आना कभी-कभी ब्लड प्रेशर में बदलाव या शरीर में पानी की कमी के कारण हो सकता है. लेकिन बार-बार चक्कर आना, संतुलन बिगड़ना या इसके साथ बेहोशी जैसा महसूस होना जांच की जरूरत का संकेत हो सकता है. ऐसे में खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें.
3. लगातार सिरदर्द
हर सिरदर्द ब्रेन से जुड़ी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता. तनाव, नींद की कमी, डिहाइड्रेशन, आंखों पर ज्यादा दबाव या माइग्रेन जैसी वजहें भी सिरदर्द का कारण बन सकती हैं. लेकिन अगर सिरदर्द अचानक बहुत तेज हो, बार-बार हो रहा हो या इसके साथ कमजोरी, बोलने में परेशानी, देखने में बदलाव या उलझन जैसे लक्षण हों, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए.
4. सांस फूलना या धड़कन तेज होना
सीढ़ियां चढ़ने जैसी सामान्य गतिविधि में जरूरत से ज्यादा सांस फूलना या बिना मेहनत के दिल की धड़कन तेज महसूस होना भी ध्यान देने योग्य संकेत हो सकता है. एनीमिया से लेकर हृदय या फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं तक कई कारण इसके पीछे हो सकते हैं.
5. वजन या भूख में अचानक बदलाव
बिना कोशिश के वजन तेजी से कम या बढ़ना और लंबे समय तक भूख में बदलाव बने रहना भी शरीर में किसी बदलाव का संकेत हो सकता है. थायरॉयड, डायबिटीज, पाचन संबंधी समस्याओं और कई अन्य कारणों की वजह से ऐसा हो सकता है.
कब डॉक्टर से मिलना जरूरी?
इनमें से कोई एक लक्षण कभी-कभार होना जरूरी नहीं कि बीमारी का संकेत हो. लेकिन लक्षण लगातार बने रहें, बढ़ते जाएं या कई लक्षण एक साथ दिखाई दें, तो डॉक्टर से जांच कराना समझदारी है. खासकर अचानक तेज सिरदर्द, बेहोशी, सांस लेने में गंभीर परेशानी, सीने में दर्द या शरीर के किसी हिस्से में अचानक कमजोरी जैसे लक्षणों को आपात स्थिति मानकर तुरंत चिकित्सा सहायता लें.



