
भारतीय रसोई में मसालों और मिठाइयों का स्वाद बढ़ाने वाला खसखस (Poppy Seeds) सेहत का भी खजाना माना जाता है। आयुर्वेद और आधुनिक पोषण विज्ञान, दोनों में ही इसके औषधीय गुणों की लंबी चर्चा मिलती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर नियम और सही मात्रा के साथ लगातार 21 दिनों तक खसखस का सेवन किया जाए, तो यह हमारे पाचन तंत्र से लेकर नींद की क्वालिटी (Insomnia) तक में बड़ा सुधार कर सकती है। खसखस में मौजूद खास पोषक तत्व हमारे ब्रेन की हेल्थ में भी सुधार करते हैं।
भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र के मुताबिक भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, खराब नींद और मानसिक थकान लोगों की आम समस्या बन चुकी है, ऐसे में खसखस का सेवन परेशानियों से निजात दिलाने में मददगार साबित होता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि खसखस कैसे नींद से लेकर पाचन तक पर असर करती है और इसे खाने से सेहत को कौन कौन से फायदे होते हैं।
खसखस के पोषक तत्व हड्डियों के लिए हैं जरूरी
खसखस एक ऐसा मसाला है जो पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, जिंक और कॉपर जैसे कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व नर्वस सिस्टम, हड्डियों और शरीर की ऊर्जा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Journal of Food Science and Technology और American Journal of Clinical Nutrition के अनुसार खसखस कैल्शियम और फास्फोरस का सबसे बेहतरीन प्राकृतिक पौधों पर आधारित (Plant-based) स्रोतों में से एक है। रिसर्च बताती है कि हड्डियों के निर्माण के लिए कैल्शियम और फास्फोरस का सही अनुपात में होना जरूरी है, जो खसखस में प्राकृतिक रूप से मौजूद होता है। इसमें पाया जाने वाला मैंगनीज शरीर में कोलेजन के निर्माण में मदद करता है, जो हड्डियों और जोड़ों को आपस में बांधे रखता है और बढ़ती उम्र में ऑस्टियोपोरोसिस से बचाता है।
बेहतर नींद और मानसिक शांति के लिए असरदार
एक्सपर्ट के मुताबिक अगर आपको रात में सुकून की नींद नहीं आती और तनाव में रहते हैं तो आप खसखस का सेवन करें। खसखस का शरीर और दिमाग पर बेहतरीन असर पड़ता है। इसका नियमित सेवन करने से नींद की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है और मानसिक तनाव कम महसूस हो सकता है। इससे व्यक्ति सुबह अधिक तरोताजा महसूस कर सकता है।
पाचन तंत्र को मिल सकता है फायदा
गर्मियों के मौसम में पेट की गर्मी, एसिडिटी और सीने की जलन से राहत पाने के लिए खसखस का आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में सदियों से उपयोग किया जा रहा है। आधुनिक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और फूड साइंस जर्नल्स ने भी रिसर्च के जरिए इस बात की पुष्टि की है कि ये छोटे-छोटे बीज हमारे पेट को अंदर से ठंडा रखने और पाचन तंत्र को सुधारने में बेहद असरदार हैं। इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। ये हल्की एसिडिटी, पेट में जलन और पाचन संबंधी परेशानियों को कम करने में मददगार साबित हो सकता है।
Journal of Ethnopharmacology और International Journal of Green Pharmacy में प्रकाशित एक शोध के अनुसार पारंपरिक चिकित्सा में खसखस को ‘शीत वीर्य’ यानी तासीर में अत्यधिक ठंडा माना गया है। आधुनिक विज्ञान के अनुसार, जब खसखस को पीसकर पानी या दूध के साथ लिया जाता है, तो यह पेट के अत्यधिक हाइड्रोक्लोरिक एसिड को उदासीन (Neutralize) करने का काम करता है। यह पेट की अंदरूनी परत पर एक सुरक्षात्मक लेयर बना देता है, जिससे खट्टी डकारें, सीने की जलन (Heartburn) और हल्की एसिडिटी में तुरंत राहत मिलती है।
दिनभर बनी रह सकती है एनर्जी
खसखस शरीर को उत्तेजित करने के बजाय पोषण प्रदान करता है। इसके सेवन से ऊर्जा का स्तर अधिक स्थिर बना रह सकता है और थकान की समस्या कम हो सकती है।
हार्मोनल और भावनात्मक संतुलन में मिलती है मदद
विशेषज्ञों का मानना है कि जब नर्वस सिस्टम शांत रहता है तो हार्मोनल संतुलन भी बेहतर हो सकता है। इससे मूड, धैर्य और भावनात्मक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
कितना करें सेवन?
विशेषज्ञों के अनुसार खसखस का अत्यधिक सेवन नहीं करना चाहिए। सामान्य तौर पर प्रतिदिन 1 से 2 चम्मच खसखस पर्याप्त माना जाता है। रात में 1 चम्मच खसखस, 4-5 भीगे हुए बादाम और एक चुटकी इलायची को भिगो दें। सुबह इन्हें पीसकर गुनगुने दूध में मिलाएं और धीरे-धीरे पिएं। यह मिश्रण शरीर को पोषण देने और मानसिक शांति प्रदान करने में मदद कर सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी और घरेलू नुस्खों पर आधारित है, जिसे एक्सपर्ट्स के इनपुट्स के साथ तैयार किया गया है। खसखस की तासीर और प्रभाव हर व्यक्ति के शरीर के अनुसार अलग हो सकते हैं। यदि आप किसी गंभीर बीमारी, अनिद्रा या पेट के पुराने रोग से जूझ रहे हैं, तो इसका नियमित सेवन शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।





